रविवार, 30 दिसंबर 2012

अंतरराज्यीय विजय मर्चेंट क्रिकेट ट्रॉफी: मध्यप्रदेश जीत के करीब

सागर/ मध्य प्रदेश ने आज राजस्थान के खिलाफ अंतरराज्यीय विजय मर्चेंट क्रिकेट ट्रॉफी (अंडर-16) लीग मैच के दूसरे दिन पहली पारी में बढ़त हासिल कर ली। मध्य प्रदेश ने पहली पारी में 257 रन बनाए। राजस्थान की पहली पारी 110 रन पर सिमट गई। मध्य प्रदेश को पहली पारी में 147 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त मिली।  दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मध्य प्रदेश ने दूसरी पारी में 1 विकेट के नुकसान पर 97 रन बना लिए थे। कल मैच का आखिरी दिन है।

मध्य प्रदेश के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में ठोस प्रदर्शन करते हुए केवल 1 विकेट खोकर 97 रन बना लिए हैं। 32 रन के स्कोर पर मप्र का पहला विकेट भूपेंद्रसिंह बघेल (6) के रूप में गिरा। इसके बाद सिद्धार्थ पाटीदार (64) और श्रेयास पंडित (19) ने दूसरे विकेट के लिए 65 रनों की अविजित भागीदारी की। पाटीदार ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी नाबाद अर्द्धशतकीय पारी में 8 चैके जमाए। मध्य प्रदेश को अब तक 244 रनों की बढ़ मिल चुकी है और टीम मजबूत स्थिति में है।

इससे पहले राजस्थान की पहली पारी में शुरूआत खराब रही और पहले ही ओवर में उसे झटका लग गया। हरशद खान ने ओपनर एमएच शर्मा को केवल 2 रन के स्कोर पर विकेट के पीछे लपकवा दिया। 9वें ओवर में जब टीम का स्कोर 23 रन था, खान ने अरुण विश्नोई (8) को बोल्ड कर राजस्थान को दूसरा झटका दे दिया।
इसके बाद कप्तान एमके लोमरोर और एफएस अहमद ने तीसरे विकेट के लिए 42 रन की भागीदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की लेकिन 30वें ओवर में अभिषेक तोमर ने अहमद (30) को आउट कर राजस्थान को करारा झटका दिया। टीम का स्कोर 37वें ओवर में 81 रन था, तभी क्षितिज सोमकुंवर ने लोमरोर (28) का विकेट चटकाकर राजस्थान का संकट और बढ़ा दिया। सोमकुंवर ने इसके बाद 85 रन के स्कोर पर टीएम खान (0) को चलता कर दिया। 

सलमान खान ने एक छोर से कुछ संघर्ष करने का प्रयास किया लेकिन अभिषेक तोमर ने उन्हें स्टंप आउट करवा कर राजस्थान की पारी के पतन की शुरूआत कर दी।  खान ने 25 रन बनाए।  इसके बाद बाकी 5 खिलाड़ी सिर्फ 7 रन जोड़कर आउट हो गए। तोमर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 25 रन देकर 5 विकेट चटकाए। हरशद खान और क्षितिज सोमकुंवर को 2-2 विकेट मिले।

इससे पूर्व सुबह मध्य प्रदेश की पहली पारी केवल दो ओवर में ही सिमट गई। मेजबान बल्लेबाजों ने 7 विकेट पर 256 रन से आगे खेलना शुरू किया और केवल 1 रन जोड़कर उसके बाकी 3 बल्लेबाज आउट हो गए। हरशद खान, अभिषेक तोमर और रणधीरसिंह हुंजन बिना खाता खोले आउट हुए। आज का इकलौता रन बनाने वाले क्षितिज सोमकुंवर 23 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान की ओर से एवी शर्मा ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...