सागर। मण्डी निर्वाचन 2012 के दौरान सागर जिले की 11 कृषि उपज मण्डी समितियों के निर्वाचन हेतु मतदान 20 दिसंबर को प्रात: 7 बजे से अपरांह 3 बजे तक संपन्न होगा । इस हेतु बुधवार को समस्त मण्डी क्षेत्रों के मतदान दल निर्वाचन सामग्री लेकर निर्धारित वाहन में बैठकर अपने अपने मतदान केन्द्रों में पहुंच गए है ।
मण्डी निर्वाचन 2012 के दौरान जिले की 11 कृषि उपज मण्डी क्षेत्रों के निर्वाचन संपन्न कराए जा रहे है । इस हेतु जिले में स्थापित 690 मतदान केन्द्रों के लिए मतदान दल रवाना हो गए ।
इसी क्रम में कृषि उपज मण्डी सागर अंतर्गत 69 मतदान केन्द्रों, खुरई के 130 मतदान केन्द्रों, बीना के 78 मतदान केन्द्रों, बण्डा के 73 मतदान केन्द्रों, देवरी के 73 मतदान केन्द्रों, रहली के 45 मतदान केन्द्रों, मण्डी बामोरा के 4 मतदान केन्द्रों, षाहगढ के 51 मतदान केन्द्रों, राहतगढ के 83 मतदान केन्द्रों, केसली के 27 मतदान केन्द्रों, और कृषि उपज मण्डी जैसीनगर क्षेत्र में स्थापित 57 मतदान केन्द्रों में मतदान दल निर्वाचन सामग्री लेकर पहुंच गए है । जो 20 दिसंबर को प्रात: 7 बजे से अपरांह 3 बजे तक मतदान संपन्न कराएगे । इसके बाद मतदान अधिकारी मतदान केन्द्रों में ही मतों की गणना अपने मतदान केन्द्र में करेंगे।
आज चुनेगें किसान अपने - अपने प्रतिनिधि
बीना। कृषि मंडी चुनाव में आज किसान मतदाता अपने-अपने प्रतिनिधियों के पक्ष में मतदान करने मतदान केन्द्रों पर पहुंचेंगे। मंडी चुनाव प्रचार में शोरगुल मंगलवार से बंद हो गया और उम्मीदवारों द्वारा घर-घर दस्तक देकर जनसंपर्क किया गया। बुधवार को पीजी कॉलेज में मतदान हेतु ड्यूटी पर मौजूद रहने वाले पीठासीन अधिकारिएां और मतदान अधिकारियों को मतदान संबंधी सामग्री वितरित की गई। इसके पूर्व सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदान के संदर्भ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी निर्वाचन अधिकारियों द्वारा दी गईं। उन्हें मतदान और मतगणना के संदर्भ में भी विस्तार पूर्वक समझाया गया।
74 प्रत्याशी, 78 केन्द्र, 20 संवेदनशील
कृषि मंडी बीना के चुनाव में कुल 74 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं जिसमें सबसे ज्यादा प्रत्याशी भानगढ़ वार्ड में चुनाव लड़ रहे हैं जिनकी संख्या 14 है। मंडीबामौरा में 8 वार्डों के चुनाव निविर्रोध हो चुके हैं यहां मात्र 4 वार्डों के प्रत्याशी मैदान में हैं। बीना के 78 केन्द्रों में से 20 केन्द्र संवेदनशील बताए गए हैं। कृषि मंडी चुनाव में 51 हजार 602 मतदाता हैं जिसमें 35 हजार 4 पुरूष तथा 16 हजार 598 महिलाएं अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगी।
मंडी चुनाव के लिए सभी पार्टियां रवाना: 131 पोलिंग पर पुलिस व्यवस्था की एसपी ने ली बैठक
खुरई। मंडी चुनाव का मतदान सभी 131 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से प्रारंभ हो जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। एसडीएम कमल सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव की लगभग सभी तैयारियां हो गई हैं। इसके लिए जिला से 32 सीटों की क्षमता वाली 25 बसों से पार्टियां अपने अपने पोलिंग पर पहुंचने की ओके रिपोर्ट मिल गई है। जहां तक बसे नहीं जा सकती वहां के लिए स्थानीय स्तर पर 52 टैÑक्टर ट्रालियों की व्यवस्था की गई है। खुरई और मालथौन के मिला कर कुल 131 पोलिंग बूथ बनाये गए हैं। इसके लिए लगभग 11 सौ कर्मचारियों और अधिकारियों की टीमें रहेंगी। इसमें 652 कर्मचारी,604 पीठासीन अधिकारी,10 जोनल अधिकारी और 4 नोडल पर सेक्टर मजिस्ट्रेट होंगे। सभी क्षेत्रों में से 46 को संवेदनशील के क्षेत्र में रखे गए हैं पहले से एक मात्र अतिसंवेदनशील क्षेत्र को हटाकर संवेदनशील श्रेणी में ही सम्मलित कर लिया गया है। सभी पोलिंगों पर कानून व्यवस्था का जायजा लेने एसपी अभय सिंह ने अधिकारियों की बैठक एसडीएम कार्यालय में ली। पुलिस भी चुनाव के लिए मुस्तैद है। शाम को एसडीएम कमल सोलंकी एसडीओपी केसी आर्य के साथ संवेदनशील बूथों का जायजा लेने निकले। आचार संहिता के चलते थाने में हथियारधारकों ने अपने अपने हथियारों को लायसेंस सहित थाने में जमा किए है। सूचना मिलने तक 57 लोगों ने अपने हथियार जमा किए थे।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें