बुधवार, 16 जनवरी 2013

BEO का औचक निरीक्षण: शाला बंद, मध्याह्न भोजन गायब

बीना।  शिक्षकों की लापरवाही से पढ़ाई व्यवस्था रसातल में जाती दिख रही है। मंगलवारको बीईओ एसएन रावत ने ग्रामीण क्षेत्र की आधा दर्जन से ज्यादा शालाओं का निरीक्षण किया जिसमें दो स्कूल पूरी तरह बंद मिले। शिक्षक भी बिना बताए गायब हैं।

मध्यान्ह भोजन का चूल्हा भी बंद मिला। बीईओ श्री रावत सबसे पहले माध्यमिक शाला जुगपुरा पहुंचे जो 11:30 बजे पूरी तरह बंद थी। बाहर ताला लटका हुआ था। पौन घंटे तक बीईओ वहीं रूके और पंचनामा कार्रवाई की। अतिथि शिक्षक ने बताया कि शाला प्रभारी अखिलेश शर्मा एवं शिक्षक श्रीमति शिल्पी जैन दो दिन से बिना सूचना दिए बगैर स्कूल नहीं आईं हैं। 

दोनों के दो दिन के वेतन काटने के निर्देश भानगढ़ संकुल प्राचार्य को दिए गए हैं। इसी तरह प्राथमिक शाला भूट के शिक्षक राजेश कौशिक तीन दिन से बिना सूचना के गायब मिले। इनका भी वेतन काटा जाएगा। इसके अलावा प्राथमिक शाला जुगपुरा, छायनकाछी, रमपुरा एवं प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला पिपरासर का भी निरीक्षण किया गया जिसमें शिक्षक तो मिले लेकिन बच्चों की उपस्थिति न के बराबर मिली। इन शालाओं में मध्यान्ह भोजन भी बंद है। 


ग्राम रक्षा समितियों का सम्मेलन संपन्न 


बीना।  शहर एवं ग्रामों में कानून व्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली नगर एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों का अनुविभागीय स्तरीय सम्मेलन का आयोजन मंगलवार को पावर ग्रिड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस विभाग द्वारा किया गया था। मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीआर तेवीवर उपस्थित थे। उन्होनें कहा कि समिति के सदस्य अपना अमूल्य सहयोग देकर सभी जगहों पर अपना महत्वपूर्ण योगदान अदा कर रहे हैं। 

वेतन की मांग पर उन्होनें कहा कि मानदेय का प्रस्ताव भेजा है। सदस्य पूर्व कालिक नहीं होते हैं इसलिए सभी लोग अपनी खेती, मजदूरी एवं अन्य आय के स्त्रोत वाले धंधों पर ध्यान दें। नागरिक होने के नाते अपनी जिम्मेवारी निभाएं गांवों में होने वाले छोटे मोटे झगड़ों को आपसी सहमति से निपटवाएं। ताकि लोगों के समय और पैसों की बचत हो सके। सम्मेलन में सदस्यों को अधिकार एवं अन्य तरह की जानकारियां प्रदान की गईं। उनके सुझाव एवं शंकाओं का भी समाधान किया गया। सम्मेलन में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ.सुंदर पंथी, करोड़ीलाल यादव, एसडीएम कर्मवीर शर्मा, एसडीओपी अरविंद सिंह चौहान, तहसीलदार अशोक अवस्थी, नायब तहसीलदार कमलेश अग्रवाल सहित सभी थानों के प्रभारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले सदस्यों को अतिथियों ने प्रमाण पत्र सौंपकर सम्मानित किया। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...