सागर। त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2012-13 के दौरान सागर जिले में तीन ग्राम पंचायतों के रिक्त सरपंच पदों के लिए निर्वाचन संपन्न कराए जा रहे है। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी योगेन्द्र शर्मा ने निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष शांतिपूर्वक और आयोग के दिशा निदेर्शानुसार संपन्न होने आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करा ली है।
तद्नुसार संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के लिए जोनल अधिकारी व सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए है। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक सागर को संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में मतदान-मतगणना व सारणीकरण के दौरान पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश जारी कर दिए है।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) सागर से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के बीना विकासखंड अंतर्गत निबोदा ग्राम पंचायत और राहतगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत झिला एवं जलंधर के सरपंच के रिक्त पद के निर्वाचन हेतु मतदान 16 जनवरी 2013 को प्रात: 8 बजे से 3 बजे तक संपन्न होगा । इसके पश्चात मतगणना का कार्य भी मतदान केन्द्रों में होगा। सारणीकरण एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा खण्ड मुख्यालय पर 17 जनवरी को प्रात: 9 बजे से होगी।
सेक्टर व जोनल अधिकारियों की नियुक्ति
उप निर्वाचन के दौरान सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद बनाने की दृष्टि से 3 जोनल अधिकारी और 3 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की गई है। तैनात जोनल अधिकारियों के क्रम में ग्राम पंचायत निबोदा के लिए अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकीय जीडी विश्वकर्मा, ग्राम पंचायत झिला के लिए अनुविभागीय अधिकारी लोक स्वा. यांत्रिकीय जीपी लारिया तथा ग्राम पंचायत जलंधर के लिए परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास बीपी सिंह जोनल अधिकारी नियुक्त किए गए है।
इसके अतिरिक्त सहायक यंत्री मनरेगा एमएस यादव को रिजर्व रूप में जोनल अधिकारी नियुक्त किया गया है। निर्वाचन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए है। तद्नुसार ग्राम पंचायत निबोदा में नायब तहसीलदार केके अग्रवाल, ग्राम पंचायत झिला में तहसीलदार डीएन त्रिवेदी और ग्राम पंचायत जलंधर के लिए तहसीलदार डीएन त्रिवेदी सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें