सागर। मध्यप्रदेश सरकार ने वृद्वजनों के सम्मान में उन्हें तीर्थ दर्शन कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रारंभ की है। इसी क्रम में सागर जिले से तीर्थ यात्रियों का जत्था 5 जनवरी को रामेश्वरम के लिए रवाना होगा।
डिप्टी कलेक्टर सागर श्रीमती अर्चना सोलंकी ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में सागर जिले से रामेश्वरम जाने के लिए 462 तीर्थ यात्रियों का जत्था 5 जनवरी को ट्रेन से रवाना किया जा रहा है। जिले से चयनित तीर्थ यात्रियों को उनके जनपद मुख्यालय और तहसील मुख्यालय से सागर स्टेशन तक लाने के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। रामेश्वरम तीर्थ यात्रियों के लिए सागर स्टेशन पर ट्रेन 5 जनवरी को प्रात: 8.30 बजे सागर स्टेशन से रवाना होगी। जिला प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है।
पाला तुषार से फसल सुरक्षा हेतु किसानों को सामयिक सलाह
सागर। रबी 2012-13 में संभाग में अभी तक 14.98 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी हो चुकी है । जिसमें गेहूं 6.35 लाख, दलहनी फसलें 7.70 लाख हेक्टेयर एवं तिलहनी फसलें 66 हजार हेक्टेयर में बोनी हो चुकी है। सागर संभाग शीत लहर की चपेट में है, और आगामी 48 घण्टों में तापमान गिरने की संभावना है, जिससे दलहनी एवं तिलहनी फसलों को पाला-तुषार से हानि होने की संभावना है। अत: किसान भाईयो को सलाह दी गई है कि ऐसी स्थिति से निपटने के लिए दलहनी-तिलहनी खडी फसलों में तुरंत सिंचाई करें एवं खेत के चारों तरफ मेढ़ों पर धुआं, आग जलाने की व्यवस्था करें, जिससे तापमान में ज्यादा गिरावट न आने पावे और फसलों को पाला-तुषार से होने वाली हानि से बचाया जा सके।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें