शनिवार, 19 जनवरी 2013

गढ़ाकोटा जैन मंदिर: ताला तोड़ा, दानपेटी कर दी साफ

सागर। लोगों की आस्था का केन्द्र धार्मिक स्थल चोरों के निशाने पर हैं। विगत रात्रि गढ़ाकोटा के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर के ताले तोड़कर चोरों ने दान पेटी से चढ़ोत्तरी चुरा ली। विगत एक सप्ताह में मंदिरों में चोरी की यह चौथी वारदात है। एक-एक कर चोर मंदिरों पर धावा बोल रहे हैं। पुलिस वारदातों को रोकने में नाकाम है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरु कर दी है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़ाकोटा के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अतिशय प्रचीन मंदिर है। बीती रात मंदिर समिति प्रबंधक अहमंद्र जैन रात करीब ढाई बजे मंदिर में ताला लगाकर घर आए थे। सुबह 7 बजे जब वे मंदिर पहुंचे तो मंदिर की दानपेटी के ताले टूटे हुए थे। दानपेटी से चोरों ने पैसे चुराए और कुछ चिल्लर छोड़ गए समिति प्रबंधक ने इसकी जानकारी गढ़ाकोटा थाना पुलिस को दी मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम द्वारा घटना स्थल का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे थे। दानपेटी से कितना पैसा गया यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल गढ़ाकोटा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। 


यह चौथी घटना


गौरतलब है कि हालही में सीहोरा के जैन मंदिर से चोरों ने दान पेटी पर हाथ साफ किया था। करीब 5 हजार रुपए की चढोत्तरी चोरों ने चोरी कर ली थी। वहीं जरूआखेड़ा में भी हनुमान मंदिर में भगवान के सोने चांदी के आभूषण चुराए गए थे। परकोटा स्थित देवी मंदिर में भी विगत दिनों चोरों ने दानपेटी पर ही धवा बोला था और हजारों रुपए चढोत्तरी ले गए थे। क्षेत्र में लोगों के आस्था केन्द्र अब सुरक्षित नहीं हैं, मंदिरों में चोरी वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस न तो रात के समय अपनी गश्त बढ़ा रही है और न ही बदमाशों को पकड़ने में कोई रुचि ले रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...