
पुलिस थाना राहतगढ़ के ग्राम मढ़देवरा में पुरानी रंजिश को लेकर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों के साथ घर में घुसकर मारपीट कर दी जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रैफर किया।
पुलिस थाना से मिली जानकारी के अनुसार फारियादी भूपेन्द्र पिता ओमकार लोधी निवासी मढ़देवरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पुरानी बुराई को लेकर गांव के ही आरोपी वीरेन्द्र कुर्मी, डब्बू, सुरेन्द्र, कमलेश, भारत कुर्मी, रिन्कू, हेमन्त, बाबू, रामकृष्ण कुर्मी आदि ने एक राय होकर बुधवार की सुबह करीब 9.30 बजे रंजिश के चलते घर को घेर लिया तथा मारने एवं विवाद करने की नीयत से गाली गलौच करने लगे।
मेरे परिजनों द्वारा दरवाजे बंद कर लिए जिस पर आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर एवं ऊपर छत की फर्शी तोड़कर घर में घुस आए और लाठी, तलवार एवं लोहे की रॉड से मारपीट एवं प्राणघातक हमला कर दिया जिसमें सोहन, रामकृष्ण, करनसिंह एवं थानसिंह लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 307, 147, 148, 149, 323, 450, 324, 427, 294 के तहत मामला दर्ज किया तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल सोहनसिंह लोधी को जिला चिकित्सालय सागर से हमीदिया चिकित्सालय भोपाल रिफर कर दिया गया। घटना के बाद ग्राम मढ़देवरा में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
आरोपियों का बचाव कर रही पुलिस
ग्राम मढ़देवरा में हुई मारपीट की घटना में घायलों के परिजन ओमकार सिंह लोधी ने पुलिस की कार्यशैली की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की है। उन्होंने बताया कि विगत एक माह पूर्व भी आरोपियों ने हमारे परिजनों से मारपीट की थी तथा जान से मारने की धमकी दी थी परन्तु पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की तथा उल्टे ही आह्त पक्ष पर झूठा मामला बना दिया। जिससे आरोपियों के मनोबल बढ़ गए तथा उन्होंने दोबारा क्रूरता के साथ परिजनों के साथ मारपीट कर दी। घायलों के परिजनों ने वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले में न्यायोचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
इनका कहना है
इस मामले की निष्पक्षतापूर्ण विवेचना कर संबंधित दोषी व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई किए जाने, थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
एसएस सिकरवार,
एसडीओपी राहतगढ़



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें