मंगलवार, 5 फ़रवरी 2013

ट्रक ने छ़ात्रा को कुचला, गुस्साई भीड़ से लगाया जाम

सागर। नो-एंट्री जोन में घुसे ट्रक ने कॉलेज जा रही एक छात्रा की जान ले ली। हादसा मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे कैंट क्षेत्र के अप्सरा सिनेमा के सामने हुआ। ट्रक में गेंहूं के बोरे लदे हुए थे। दिल दहलाने वाली इस घटना से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में एकत्र भीड़ ने सड़क जाम कर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वह अपने माता-पिता की इकलौती पुत्री थी।

गर्ल्स कॉलेज में पढऩे वाली 20 वर्षीय वर्षा पिता शिवचरण राय सुबह करीब 11 बजे सदर मुहाल नंबर 4 स्थित अपने घर से कॉलेज जाने के लिए रवाना हुई थी। अप्सरा सिनेमा के सामने से वह पैदल अंडर ब्रिज की तरफ जा रही थी। तभी भगवानगंज से रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे रॉयल रोड लाइंस के ट्रक क्रमांक सीपीव्ही 2872 के ड्राइवर ने लापरवाही पूर्वक वाहन को बेक कर दिया। पीछे खड़ी वर्षा ट्रक की टक्कर से मुंह के बल गिर गई।


ट्रक के पहिए उसके दोनों पैर कुचलते हुए निकल गए। तड़पते हुए छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दर्दनाक घटना से लोगों की रूह कांप उठी। मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसी बीच ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। जिस जगह यह हादसा हुआ वहां से बाहरी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। इकलौती बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।


हादसे को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 12.30 बजे मौके पर पहुंची सिटी मजिस्ट्रेट अर्चना सोलंकी व सीएसपी प्रमोद सोनकर ने चक्काजाम समाप्त कराया।कैंट पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...