खुरई। जहां प्रदेश सरकार चारों ओर सड़कों का जाल बिछाने का दावा कर रही है वहीं उसकी पोल उसके अधिकारी और काम करने वाले ठेकेदार खोल रहे हंै। सड़क निर्माण के लिए सरकार राशि तो भेज रही है लेकिन अधिकारियों की मिली भगत से सड़कें गुणवत्ताहीन कराकर राशि का बंदरबांट हो रहा है।
ऐसा ही सड़क का घटिया निर्माण पठारी रोड पर हो रहे निमार्ण में देखने में आया है। पीडब्ल्यूडी विभाग के अंतर्गत लगभग 70 लाख की राशि से कब्रिस्तान के पास से नदी तक कर 9 किलोमीटर की सड़क बनाई जा रही जिसका ठेकेदारी का काम जे के जैन निवासी सागर के पास है।
बन रही नई सड़क उखड़ने लगी
सड़क के घटिया निर्माण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सड़क निमार्ण का काम चल ही रहा है और पीछे से सड़क उखड़ने लगी। जिससे जगह जगह गिट्टियां और मुरम दिख रही है। जिससे वाहनों की आवाजी से फिर धूल उड़ने लगी।
पुरानी सड़क दिखाई दे रही है
इस सड़क पर 70 लाख में पुराने पेचों को भरकर 20 मिलीमीटर का डामरीकरण कर रोलर और मशीनों से लेबल का काम है लेकिन ठेकेदार की मनमानी और अधिकारियोें की लापरवाही के चलते कोई भी काम सही नहीं हो रहा है। पेच भी मिट्टी से भरे जा रहे हैं जबकि डामलीकरण से भरे जाना है और डामरीकरण इतना घटिया और अनियमित हो रहा है कि कई जगह तो पुरानी सड़क अलग दिख रही है। ऐसी हालत में सड़क कुछ माह ही चलेगी और पूरी राशि बर्बाद चली जाएगी।
घटिया मटेरियल का उपयोग
सड़क निर्माण में घटिया डामरी मटेरियल का उपयोग किया जा रहा है। मटेरियल इतना घटिया है कि सड़क पर ठीक से पकड़ भी नहीं बना पा रहा है और गिट्टियां अलग हो रहीं हैं कही कही फायनल लेयर के बाद भी सड़क पर गिट्टी उखड़ रही है।
अधिकारी बता रहे लाचारी
इस संबंध में सड़क के ठेकेदार से बात करने के लिए कई बार फोन लगाया लेकिन बंद आने के कारण बात नहीं हो सकी। वहीं पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बात करने पर इंजीनियर पीटर तिर्की ने बताया कि यह बात सही है कि सड़क का निर्माण घटिया हो रहा है। कई जगह सड़क अभी से उखड़ रही है,जगह जगह पुरानी रोड दिख रही है। पेमेंट पूरी ली जा रही है। कई बार ठीक से काम करने की हिदायत दी तो ठेकेदार टाल मटोल कर देता है। वरिष्ट अधिकारियो से शिकायत कर राशि रूकवाई जाएगी।
पहले भी ठेकेदारों की मनमानी देखने में आई
इसके पहले भी ठेकेदार की मनमानी ग्राम गजर में पुरानी सड़क को नई दिखाने के चक्कर में प्लाउ से सड़क को उखाड़ने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा हो चुकी है। ऐसे ही ठेकेदारों की मनमानी और अधिकारियों की लापरवाही या मिली भगत से शासन और आम जनता की गाढ़े पसीने की कमाई को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है।
इनका कहना है
इस सड़क पर होकर कई बार निकालना पड़ा है सड़क का कार्य ठीक न होने की जानकारी लगी है। काम में लापरवाही और घटिया निमार्ण की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद कार्यवाही और राशि रोके जाने की भी प्रक्रिया की जाएगी।
कमल सोलंकी, एसडीएम, खुरई





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें