शुक्रवार, 14 दिसंबर 2012

रंगारंग कार्यक्रमों के साथ 58वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन

सागर।  आयोजित हुए समापन समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर योगेंद्र शर्मा, विशेष अतिथि निगमायुक्त एसबी सिंह, डीईओ आरएन शुक्ला थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसपी अभय सिंह ने की।

कार्यक्रम की शुरूआत में सेंट जोसेफ कांवेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने बैंड-बाजों की धुन पर मार्च पास्ट निकाला जिनको अतिथियों ने सलामी दी और इसके बाद उत्कृष्ट विद्यालय और सेंट जोसेफ कांवेंट स्कूल के विद्यार्थियों के विद्यार्थियों ने राजस्थानी लोक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद कलेक्टर योगेंद्र शर्मा ने कहा कि सफलता की पहल सीढ़ी असफलता होती है, इसीलिए जीवन में कभी हार नहीं मानना चाहिए। मन में जब्जा हो, तो हर मंजिल को आसानी से पाई जा सकती है।

अगर हारे हुए खिलाड़ी यह समझ रहे हैं कि वे आगे नहीं बढ़ सकते तो यह बात गलत है बल्कि मैं तो यही कहूंगा कि हारे हुए ही जीवन में नाम रोशन करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल खेलने से एकाग्रता बढ़ती है। उन्होंने खिलाड़ियों की शारीरिक कमजोरी के विषय में कहा कि जल्द ही स्कूलों में हीमोग्लोबिन और नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित कराएं जाएंगे। इस आयोजन की उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि यहां से खिलाड़ी सागर की हरियाली और चिड़ियों की मधुर आवाज लेकर जाएं।

एसपी अभय सिंह ने कहा कि जीवन में खेल की बहुत आवश्यकता है। अगर योजना बनाकर खेला जाए तो जीवन में कभी हार नहीं होती। उसे निश्चित तौर पर सफलता मिलती है। खिलाड़ी मन में कभी हार नहीं माने बल्कि अपने मन को मजबूत बनाएं। ऐसे और अच्छे आयोजन से सकारात्मक उर्जा मिलती है। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रताप तिवारी ने इस आयोजन की पूरी रूपरेखा बताई और कहा कि सभी विभागों का सहयोग मिलने से इतना बड़ा आयोजन सफलतापूर्वक हो सका। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में शामिल होने के लिए करीब 10 संभागों के करीब 1231 खिलाड़ियों ने शिरकत की। जिनकी सुविधाओं का पर्याप्त ध्यान रखा गया।

इस मौके पर प्रथम, द्घितीय और तृतीय स्थानों पर आने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। 20-20 बालक सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रथम जबलपुर संभाग, द्घितीय रीवा संभाग और तृतीय इंदौर संभाग आया। बालिका वर्ग में प्रथम जबलपुर संभाग, द्घितीय उज्जैन संभाग और तृतीय आदिवासी विकास रहा। जिसमें मैन आॅफ द सीरिज आशीष खरे सागर, बेस्ट बेस्टमेन का खिताब सलमान खान जबलपुर और बेस्ट बॉलर का खिताब शिवकुमार जबलपुर को दिया गया। इसी तरह बालिका वर्ग में मैन आॅफ द सीरिज आफिया खान जबलपुर, बेस्ट बेस्टमेन का खिताब प्रीति यादव भोपाल और बेस्ट बॉलर का खिताब किरण उज्जैन को दिया गया। इसके साथ ही एथलेक्टिस प्रतियोगिता के खिलाड़ी को सम्मान से नवाजा गया।

सम्मान समारोह के दौरान सभी जनरल मैनेजर सहित प्राचार्य मनोज अग्रवाल, श्रीमती पी. मिश्रा, एचसी चौरसिया, जीपी मढ़ौतिया, स्काऊट के लिए जितेंद्र शरण गुप्ता आदि को सम्मानित किया गया। इस मौके पर डॉ. वायएस राजपूत, संजय दादर, धीरेंद्र मिश्रा, डॉ. आशुतोष गोस्वामी, केएस ठाकुर, रजनी पांडे, प्राचीश जैन, सुधीर तिवारी, अखिलेश पाठक, नरेंद्र उपाध्याय, प्रकाश दुबे, अशोक पाठक, गंगाराम चौधरी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन रचना तिवारी ने किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...