मंगलवार, 18 दिसंबर 2012

जननी एक्सप्रेस के अभाव में प्रसूतिका की मृत्यु

बीना। भले ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश की शासकीय अस्पतालों की हालत और उनमें फैली लापरवाहियों को मिटाने की कितनी ही कवायदें कर रहे हों किंतु हकीकत की धरातल पर ये सभी बेमानी सिद्ध हो रही हैं।

मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने के उद्देश्य से शासन द्वारा गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाने के लिए जननी एक्सप्रेस योजना लागू की गई है, किंतु बीना ब्लॉक में यह एक्सप्रेस मात्र कागजों पर दौड़ रही है। लिहाजा बीना ब्लॉक में जननी एक्सप्रेस के अभाव में अब तक कई जच्चा और बच्चा काल के गाल में समा चुके हैं। ऐसा ही एक घटना पिछले दिन भी घटित हुई। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बम्होरी शेख निवासी माया पति चतरा बंजारा उम्र 30 वर्ष को प्रसव पीड़ा होने पर जननी एक्सप्रेस के मोबाइल नंबर की छानबीन की गई, किंतु नजदीकी उप स्वास्थ्य केन्द्र में भी जननी एक्सप्रेस का मोबाइल नंबर मौजूद नहीं था और जो मोबाइल नंबर उपलब्ध था वह पुराने ठेकेदार का था। लिहाजा उक्त महिला को किसी तरह आटों में रखकर बीना सिविल अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम परिजनों द्वारा किया गया। 

इस बीच महिला की हालत काफी खराब हो गई और उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। महिला के चाचा ससुर हल्का बंजारा ने बताया कि जननी एक्सप्रेस की सुविधा के बारे में मालूम था किंतु नंबर नहीं होने के कारण बीना से आॅटो मंगाया गया और फिर आॅटों से बहु को लेकर सरकारी अस्पताल आए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...