गुरुवार, 13 दिसंबर 2012

वीरू की तरह तुलसी चढ़ा टावर पर

सागर।  बाक्स आफिस में एक समय धूम मचाने वाली फिल्म शोले के वीरू ने बसंती से शादी रचाने के लिए पानी की टंकी का सहारा लिया था। वहीं अपना दुर्घटना बीमा प्राप्त करने के लिए एक युवक बीएसएनएल कंपनी के टावर पर चढ़ गया। पुलिस को युवक ने छह घंटे तक छकाया। जब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे उन्होंने युवक को राशि दिलाए जाने का भरोसा दिलाया। तब कहीं जाकर वह मोबाइल टावर से उतरा।

गुरुवार की सुबह मकरोनियां के बडतूमा क्षेत्र में एक मानसिक रूप से प्रताड़ित व्यक्ति मोबाइल टावर पर चढ़ गया। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक करीब साढ़े चार घंटे तक टावर पर चढ़कर आत्महत्या की बात कहकर लोगों को डराता रहा। इसकी भनक जब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को लगी तो पुलिस ने आश्वासन देकर उसे नीचे उतारा और गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे मकरोनियां के बड़तूमा क्षेत्र निवासी तुलसीराम पटेल फिल्म सोले के नायक वीरू की तरह शराब की बोतल में पानी भरकर मोबाइल के टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी जानकारी तत्काल पद्माकर थाना पुलिस को दी। करीब 8 बजे पद्माकर थाना पुलिस टावर के पास पहुंची उसे समझाया बुझाया लेकिन तुलसी नहीं माना। पुलिस परेशान होती रही लेकिन तुलसी नीचे नहीं उतरा।

आखिर क्यों चढ़ा टावर पर


पुलिस के अनुसार बड़तूमा निवासी तुलसी उम्र 35 वर्ष का 13 जनवरी 2010 को एक्सीडेंट हुआ था। कोर्ट ने उसे 2 हजार रुपए की बीमा राशि स्वीकृत की थी लेकिन कई दिनों के बाद भी पार्टी द्वारा पैसे जमा न करने पर वह मानसिक रूप से परेशान था। उसकी आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। दवाव बनाने के लिए वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और लोगों को आत्महत्या करने की बात कहकर डराता धमकाता रहा।

साढ़े चार घंटे तक मचाया उत्पात


पुलिस के अनुसार युवक ने बताया कि तड़के सुबह टावर पर चढ़ गया था। एक घंटे बाद जब लोगों ने तुलसी को मोबाइल के टावर पर चढ़ा देखा तो क्षेत्र के लोग दहशत में आ गए। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में लोग एकत्रित हो गए। आठ बजे पद्माकर थाना की पुलिस पहुंची लेकिन वह नीचे नहीं उतरा। करीब 12 बजे युवक को टावर से नीचे उतारा गया।

एडीशनल एसपी ने समझाया


पद्माकर थाना पुलिस जब युवक को नीचे उतारने में नाकाम रही तो एडीशनल एसपी डीआर तेनीवार मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया। श्री तेनीवार ने युवक से कहा कि वह कोर्ट की क्लेम उसे दिलवा देंगे। कहा  जा रहा है कि श्री तेनीवार  ने उसे चेक दिखाकर उससे कहा कि तुम्हारा चेक आ गया है, अब नीचे आ जाओ। काफी समझाइश के बाद युवक नीचे उतरा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...