शनिवार, 12 जनवरी 2013

किसानों की फसलें हुईं तबाह

बीना। लगातार जारी ठंड फसलों को नुकसानदायक साबित हो रही है। पाला तुषार ने फसलों के साथ-साथ किसानों के अरमान भी ठंडे कर दिए हैं। गुरूवार को आधा दर्जन गांवों के किसानों ने आकर विधायक डॉ.श्रीमति विनोद पंथी को आपबीती सुनाकर ज्ञापन सौंपते हुए मुआवजा दिलवाने की मांग की। विधायक ने उन्हें हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।

सुबह करीब 11 बजे गिरोल, लहरावदा, बिल्धव, देवल, आगासौद आदि गांवों से बड़ी संख्या में किसान विधायक निवास पर आए। वह थैलों में नष्ट हुई फसल के पौधे साथ लेकर आए थे। उनके माथे पर चिंता की लकीरें खिंची हुई थींं। गिरोल सरपंच मुन्नालाल ने बताया कि लगातार ठंड के कारण फसलों पर बर्फ जमती रही। इससे चना, मसूर, मटर, तेवड़ा आदि फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। पहले ही खरीफ की फसल ने दगा दे दिया था जिससे जख्म भरे नहीं थे। कि अब फिर से बज्रपात हो गया। 

फसलें नष्ट होने से हम सभी की आजीविका प्रभावित हुई है। हम सभी का सोच - सोचकर दिल बैठा जाता है कि अब साल गुजारा कैसे होगा। विधायक श्रीमति पंथी ने किसानों की व्यथा सुनने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों एवं कृषि विभाग से बात कर सर्वे आदि कर उचित मुआवजा दिलवाने के निर्देश दिए हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमोद कुर्मी, हाकिमसिंह, किशोरीलाल, उत्तमसिंह, अनंतसिंह, करनसिंह, विजयकुमार, पूरनलाल, लक्ष्मीनारायण, भैयालाल, ठाकुरदास, बालमुकुंद, सीताराम सहित अनेक किसान शामिल हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...