सागर। प्रदेश सरकार के निदेर्शानुसार विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को एक जगह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में अन्त्योदय मेलों के आयोजनों का सिलसिला जारी है । इसी क्रम में मालथौन में संपन्न अन्त्योदय मेले में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत 3329 हितग्राहियों को 270.52 लाख रुपए के लाभ उपलब्ध कराए गए ।
गुरूवार को खुरई विधायक अरूणोदय चौबे के मुख्य आतिथ्य और जनपद अध्यक्ष गोपीराम जनपद उपाध्यक्ष, महेश पाराशर व अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न इस अन्त्योदय मेले में उपस्थित हितग्राहियों को अतिथिजनों के हाथों लाभ वितरित कराए गए। अन्त्योदय मेले में विधायक श्री चौबे ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मेले लगा रही है। इसका लाभ हितग्राही जरूर उठाएं ।
इसके साथ मेले में जिले से सभी विभागों के शासकीय अधिकारी यहां आए हैं उनसे योजनाओं की जानकारी ग्रहण करें तथा जो भी दिक्कते व समस्याएं है उन्हें लिखित में आवेदन प्रस्तुत करें । सभी आवेदनों का निराकरण संबंधित अधिकारी निर्धारित समय सीमा में करेंगे। आपने राजस्व अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे किसानों की फसलों में पाला तुषार का सर्वे शीघ्र कराएं। उन्होंने मप्र विद्युत मण्डल के अधिकारियों से अपेक्षा की कि जिन गांवों के बकाया बिल 25 प्रतिशत जमा हो गए है वहां ट्रांसफार्मर लगाए और वहां की बिजली आपूर्ति चालू करें ।
विधायक ने पीएचई विभाग के अधिकारियों को बताया कि वे अपने अधीन मैकेनिकों को हिदायत दे दें कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में नल जल योजनाओं व हैण्डपंपों की मरम्मत के लिए यदि उनके पास सामग्री नहीं होगी तो विधायक स्वयं अपने खर्चे से बाजार से सामग्री दिलाएंगे। उन्होंने कहा हर हाल में यहां की पेयजल पूर्ति की व्यवस्थाएं ठीक कराई जाएं।
अन्त्योदय मेले के दौरान राजस्व विभाग के माध्यम से 7 बीपीएल परिवारों को राशन कार्ड जारी किए गए । गरीबी रेखा सूची में 53 नाम शामिल किए गए । इसके साथ ही मालथौन तहसील अंतर्गत 216 और बांदरी अंतर्गत 226 कुल 442 भूखण्ड धारक प्रमाण पत्र वितरित किए गए । मेले में राजेन्द्र तिजई आदिवासी और अजुद्धी अहिरवार दो नि:शक्तों को ट्रायसाईकिलें वितरित की गई।
पूर्व में सामाजिक न्याय विभाग के कलापथक दल के कलाकारों ने मध्यप्रदेश गान व शासकीय योनाओं पर आधारित गीत की प्रस्तुति, पर्ल्स पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत और स्थानीय सांस्कृतिक दलों ने बधाई और अन्य लोकरंग प्रस्तुतियां प्रदर्शित की। मेले में सहायक कलेक्टर विजय कुमार, संयुक्त कलेक्टर, दिलीप मण्डावी, एसडीएम कमल सोलंकी, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय महेन्द्र त्रिपाठी व अन्य विभागों के जिला अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे ।
अन्त्योदय मेले में लाभांवित हितग्राहियों की जानकारी
विभाग लाभांवित हितग्राही संख्या लाभ का अनुमानित मूल्य
जनपद पंचायत मालथौन 2671 260.00 लाख
राजस्व विभाग 495 1.73 लाख
महिला एवं बाल विकास 122 7.32 लाख
कृषि 26 1.22 लाख
स्वास्थ्य विभाग 13 0.20 लाख
वन विभाग 2 0.05 लाख
योग 3329 270.52 लाख



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें