गुरुवार, 10 जनवरी 2013

नारायण कबीरपंथी ने संवैधानिक पद का दुरुपयोग किया

सागर। कृषि उपज मंडी चुनाव में मप्र अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष नारायण कबीरपंथी ने अपनी पत्नी का खुलेआम प्रचार करके न केवल संवैधानिक पद का दुरुपयोग किया है बल्कि चुनाव नतीजे को लेकर बखेड़ा खड़ा करके पद की मर्यादा को भी धूमिल किया है। उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए। इस आशय की शिकायत मप्र युवक कांग्रेस की महासचिव व कांग्रेसनेत्री इंदु चौधरी ने महामहिम राज्यपाल रामनरेश यादव से की है।

शिकायत में कहा गया है कि श्री कबीरपंथी ने अपनी धर्मपत्नी आशारानी के चुनाव में खुलकर प्रचार किया। परिणामस्वरूप आशारानी वार्ड क्र. चार से सदस्य निर्वाचित हो गई। बाद में वे अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ी लेकिन हार गई। इस हार से बौखलाए कबीरपंथी ने संवैधानिक पद की गरिमा को ताक पर रखकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और मंडीपरिसर में ही धरने पर बैठ गए। 

उन्होंने आरोप लगाया था कि मंडी अध्यक्ष चुनाव में प्रशासन ने पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाया है। श्री कबीरपंथी इसके बाद पद का दुरुपयोग करते हुए प्रशासन पर दबाव बनाकर चुनाव पुन: कराए जाने को लेकर कमिश्नर को ज्ञापन भी सौंपा। इंदु चौधरी ने शिकायती पत्र में कहा है कि संवैधानिक आयोग के अध्यक्ष द्वारा राजनीतिक गतिविधियों में लिप्त होना निंदनीय है। इस मामले की उच्च स्तीय जांच कर आयोग के अध्यक्ष कबीरपंथी को अयोग्य घोषित किए जाने की मांग की है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...