बीना। शनिवार को जनपद पंचायत कार्यालय में योजना को फलीभूत करने के लिए शिविर का आयोजन किया गया जिसमें तीस लोगों के मकान स्वीकृत किए गए। इसके अलावा 55 हितग्राहियों की राशि वितरण के चैक सौंपे गए। बीना विकासखंड में 390 मकान योजना के तहत स्वीकृत कर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
विभाग की सक्रियता एवं हितग्राहियों की रूचि के चलते 334 लोगों को स्वीकृति मिल चुकी है। 90 हितग्राहियों ने सपने को साकर बनाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। जनवरी तक लक्ष्य को पूरा करने का अधिकारी दावा कर रहे हैं। प्रदेश सरकार ने लोगों को लाभ दिलाने के लिए शनिवार को सभी जनपद मुख्यालयों पर शिविर लगाकर लाभांवित करने की घोषणा की थी। शिविर के दौरान 30 नए पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति प्रदान की गई। 55 लोगों को स्वीकृति के बाद 20-20 हजार रुपए के चैक प्रदान किए गए।
क्या है योजना
ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के मकान बनाकर गांव की तस्वीर में बदलाव करने एवं गरीब आदमी को खुद का मकान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास याजना शुरू की है। इसके तहत सत्तर हजार रुपए की लागत से मकान बनाकर तैयार करने पर हितग्राही को 30 हजार रुपए की सब्सिडी प्रदान की जावेगी। ऋण नजदीकी बैंक से दिया जाएगा। कुल 60 हजार का ऋण तीन किस्तों में दिया जाएगा। नीव और दीवार बनाने के लिए 30 हजार, छत, दरवाजे एवं खिड़कियों के लिए दूसरी किस्त 24 हजार एवं तीसरी किस्त 6 हजार की दी जावेगी। 60 हजार की राशि हितग्राहियों को आसान किस्तों के माध्यम से जमा करनी होगी। हितग्राही यदि एक बार में ही बैंक के तीस हजार रुपए जमा करता है तो सरकार सब्सिडी की राशिसीधे उसके खाते में भेज देगी। जिससे उसका ऋण समाप्त हो जावेगा। दस हजार रुपए मकान बनाने वाला अपनी मजदूरी से भी दर्शा सकता है। सवा लाख से कम सलाना आय वाले एवं तीन एकड़ से कम जमीन वाले व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं। हितग्राही के पास पट्टा या मकान बनाने जमीन होना चाहिए।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें