मंगलवार, 8 जनवरी 2013

पूर्व विधायक निवास पर फायरिंग, सागर नाका पर दहशत का माहौल

खुरई। मंडी चुनाव के परिणाम को लेकर सोमवार की देर रात   कांग्रेस की पूर्व विधायक डॉ.मालती मौर्य के निवास पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर हवाई फायर कर दहशत फैलाई। डॉ.मौर्य की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश प्रारंभ कर दी।

सोमवार को मंडी अध्यक्ष के चुनाव में उर्मिला चंदेल, जागेश्वरी कुर्मी को दो मतों से पराजित कर विजयी हुई थी। डॉ.मालती मौर्य ने उर्मिला चंदेल का समर्थन किया था। डॉ.मौर्य खुरई वार्ड क्र. तीन से कृषक प्रतिनिधि का चुनाव जीती थी। सोमवार की देर रात लगभग ग्यारह बजे अज्ञात लोगों ने सागर नाका स्थित डॉ.मालती मौर्य के निवास पर जाकर गाली-गलौंच, तोड़-फोड़ एवं हवाई फायर भी किए। डॉ.मौर्य घटना के समय घर में अकेली थी। उनके पास लखन नाम का एक सहयोगी भर मौजूद था। 

डॉ. मौर्य ने बताया कि हमला करने वाले संख्या में आठ-दस थे, अकेली होने की वजह से मैं बाहर नहीं निकली। अज्ञात लोग घर में आग लगाने की भी बात कह रहे थे। उन्होंने भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए मेरा जातिगत अपमान भी किया। आरोपी चैनल खोलकर मेरे घर के अंदर घुस आए थे, उन्होंने मेरे कमरे के दरवाजे तोड़ने का भी प्रयास किया। मैं उन्हें पहचानती तो नहीं हूं, लेकिन सामने आने पर पहचान लूंगी. मैंने दूरभाष पर विधायक अरुणोदय चौबे को घटना की सूचना दी। वह तत्काल मौके पर आए, तभी मेरी जान बच सकी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे भाजपाईयों का हाथ हो सकता है। क्योंकि मैंने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी का चुनाव में समर्थन किया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डॉ.मालती मौर्य की रिपोर्ट पर आठ-दस अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध धारा 147, 336, 294, 506, 452 व एससीएसटी एक्ट 3(1-10) लगाई गई है। अज्ञात आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।


विधायक ने की निंदा


विधायक अरुणोदय चौबे ने पूर्व विधायक डॉ.मालती मौर्य के निवास पर हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने भाजपा सरकार की निंदा करते हुए कहा कि इस सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है। कभी भी किसी के ऊपर हमला हो सकता है।


ब्लाक कांग्रेस कमेटी ने सौंपा ज्ञापन


मंगलवार को ब्लाक कांग्रेस कमेटी सहित सैकडों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने इस घटना से क्रुध होकर एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार दिनेश शुक्ला को एक ज्ञापन सौंपा जिसमें उल्लेख किया गया है कि चौबीस घंटों के भीतर यदि आरोपियों को नहीं पकड़ा गया तो ब्लाक कांग्रेस कमेटी खुरई बंद एवं अन्य आन्दोलन करने को बाध्य रहेगी। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...