बुधवार, 9 जनवरी 2013

जैन मुनि पर हमले के विरोध में निकाला मौन जुलूस

राहतगढ़। गुजरात के सिद्ध जैन तीर्थ गिरनार जी में वंदना कर रहे मुनि श्री 108 प्रबलसागर जी महाराज पर असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए प्राणघातक हमले से आहत सकल दिगम्बर जैन समाज राहतगढ़ ने इस घृणित कार्य करने वालों के खिलाफ अभी तक कोई कड़ी कार्यवाही न किए जाने के विरोध में मौन जुलूस निकाल कर महामहिम राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

मौन जुलूस की शुरूआत नगर के पुराने थाने के पास स्थित बीच के मंदिर से हुई जिसमें सकल दिगम्बर जैन समाज राहतगढ़, जैन युवा संघ, जैन महिला मण्डल, पार्श्वनाथ सेवादल एवं नगर के समस्त धर्मावलम्बियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए स्थानीय बस स्टेण्ड स्थित विश्राम गृह पहुंचा, जहां तहसीलदार डीएन त्रिवेदी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि सदैव अहिंसा, सर्वधर्म सम्भाव एवं विष्व कल्याण की भावना से कार्य करने वाले संतों पर ऐसे हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई न होने से जैन समाज एवं अन्य सभी धर्मावलम्बी आक्रोशित एवं आहत हैं साथ ही शासन से मांग की गई कि घटना में शामिल असामाजिक तत्वों पर शीघ्र-अतिशीघ्र कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी और साधु संत के साथ ऐसी घटनाएं न हों।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...