शनिवार, 12 जनवरी 2013

रहली विधानसभा क्षेत्र में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन


सागर। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर शनिवार को जिले के रहली विधानसभा क्षेत्र में एक अनूठे नवाचार की शुरूआत की गई है। जिसमें 13 वर्ष से 70 वर्ष आयु वर्ग के व्यक्तियों के लिए सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । इस प्रतियोगिता में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव सहित कुल 39740 परीक्षार्थी शामिल हुए । इस अवसर पर कलेक्टर योगेन्द्र शर्मा एवं पुलिस महानिरीक्षक पंकज श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहे ।


रहली विधानसभा क्षेत्र में यह सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता गढ़ाकोटा, रहली एवं ग्रामीण क्षेत्र सहित कुल 75 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की गई। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री भार्गव गढ़ाकोटा स्टेडियम स्थित परीक्षा केन्द्र पर शामिल हुए। प्रतियोगिता में कुल 39740 परीक्षार्थी  शामिल हुए । इनमें 12748 महिला एवं 26992 पुरूष शामिल हैं। इनमें से छात्र-छात्राओं की संख्या 13663 थी । परीक्षा में 17 डॉक्टर, 13 व्यापारी, मंत्री श्री भार्गव सहित 642 राजनेता शामिल हुए । वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती यशोदा कोरी एवं नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती इन्दु खटीक ने भी सामान्य ज्ञान की परीक्षा दी। गढ़ाकोटा स्टेडियम परीक्षा केन्द्र का केन्द्राध्यक्ष महाविद्यालय के प्राचार्य एसएम पचौरी को बनाया गया तथा पूरे विधानसभा क्षेत्र के लिए कुल 1347 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे।

 परीक्षा के प्रश्न पत्र में कुल 100 प्रश्न पूछे गए थे, जिसके लिए दो घन्टे का समय निर्धारित था। परीक्षा का समय दोपहर एक बजे से तीन बजे तक रखा गया था। परीक्षा के दौरान नकल करने पर विशेष सख्ती रही। इस दौरान एक परीक्षार्थी को नियमों का उल्लंघन कर मोबाइल पर बात करते हुए पकड़ा गया तथा उक्त परीक्षार्थी का नकल प्रकरण बनाया गया। ग्रामीण विकास मंत्री श्री भार्गव ने परीक्षा के बाद कहा कि इस प्रतियोगिता से क्षेत्र की प्रतिभाओं में निखार आएगा और वे बड़ी प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर सकेंगे।

आयोजन समिति स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान एवं शिक्षा प्रसार समिति द्वारा प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार भी घोषित किए गए हैं। जिसके अनुसार प्रथम पुरस्कार - अल्टो कार, द्वितीय पुरस्कार - सुजुकी हयाते (लड़के को) स्कूटी (लड़की को), तृतीय पुरस्कार दो लड़को व तीन लड़कियो को एमबीए एवं बीई की मुफ्त शिक्षा, चौथा पांच देशों की विदेश यात्रा, पांचवा पांच लेपटाप, छठवां पांच एलसीडी टीव्ही, सातवां पुरस्कार 10 टेबलेट, आठवां पुरस्कार 10 लोगो को वैष्णोदेवी की यात्रा, नौवां 10 साईकिले, दसवां पुरस्कार 25 रंगीन मोबाईल, ग्यारहवां पुरस्कार - 10 कूलर, बारहवां पुरस्कार - 25 टाइटन हाथ घड़ी, तेरहवां पुरस्कार - 500 टी शर्ट दी जाएंगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...