बीना। कड़कड़ाती ठंड ने जन जीवन को प्रभावित कर रखा है। बिना ऊनी एवं गर्म कपड़े बगैर लोगों का घरों से निलकना मुश्किल हो रहा है। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात फसलों पर भारी पड़ी है। सब्जियों को नुकसान बताया जा रहा है। उधर सर्दी का रवैया देखते हुए प्रशासन ने आठवीं कक्षा तक के सभी बच्चों की तीन दिवसीय छुट्टी घोषित कर दी है। सुबह की शुरूआत सर्द हवाओं एवं कोहरे के साथ हो रही है।
रात में तापमान 5 सेल्सियस से भी नीचे जा रहा है। मंगलवार की रात काफी सर्द साबित हुई। बर्फ जमने से किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं। भानगढ़ के किसान दिनेश जैन ने बताया कि ठंड के कारण टमाटर, बेगन, लोंकी, सेम आदि सब्जियां का फूल पूरी तरह चपेट में आने से खराब हो गया है। चना, मसूर आदि फसलों को भी अंशिक नुकसान हो रहा है, सुबह हालत ये रहे थे कि घरों के ऊपर रखे कपड़ों आदि में बर्फ जमी दिख रही थी। दो तीन दिन पहले की ठंड भी नुकसान पहुंचा चुकी है। अगर यही हालत रहा तो किसान बबार्दी की कगार पर पहुंच जाएगा।
दिन में जब तक धूप का असर रहता है तब तक तो चहल-पहल बनी रहती है। लेकिन जैसे ही दिन डूबने को होता है मुसीबत बन जाती है। रात्रि के 9 बजे के बाद बाजार बंद हो रहा है। सड़कें सुनसान नजर आती हैं। सुबह भी लोग 9 बजे के बाद ही घरों से निकल रहे हैं। घूमने फिरने वाले लोग हाथ, पैर सहित सभी अंगों को गर्म कपड़ों से ढक कर ही निकल पा रहे हैं। सड़कों के किनारे जीवन यापन करने वाले भी जीवन की कड़ी परीक्षा से गुजर रहे हैं। उन्हें खुले आसामान के नीचे रहकर ही ठंड का कहर झेलना पड़ रहा है।
मासूम बच्चो का दर्द प्रशासन ने समझा लिया है। बीआरसीसी राजेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि जिला कलेक्टर ने कक्षा आठवीं तक पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए मंगलवार, बुधवार एवं गुरूवार तक छुट्टी दे दी है। यह निर्णय ठंड को देखते हुए लिया गया है। इसमें सभी प्रायवेट एवं निजी स्कूल शामिल हैं। पूर्व में बीना एसडीएम ने सभी स्कूलों का समय 8.30 बजे के बाद कर दिया था।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें