भाजपा का महासंपर्क अभियान 25 से
बीना। 25 फरवरी संत रविदास जयंती पर्व से भाजपा द्वारा बीना विधानसभा क्षेत्र के समस्त ग्रामों एवं नगर के वार्डों में महासंपर्क अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है। यह अभियान 25 फरवरी से 20 मार्च तक चलेगा अभियान के तहत भाजपा के कार्यकर्ता क्षेत्र के समस्त ग्रामों में घर-घर पहुंचकर शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसी महा जनसंपर्क अभियान की रणनीति बनाने हेतु शनिवार को स्थान सर्वोदय भवन पर 1 बजे भाजपा कार्यकतार्ओं की बैठक का आयोजन किया गया है। उक्त जानकारी भाजपा के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष शिवकुमार ठाकुर एवं नगर मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा ने दी। 24 फरवरी रविवार को महादेवघाट पिपरासर में भगवान शिव जी का अभिषेक एवं भंडारे का आयोजन किया गया है। भगवान शिवजी के अभिषेक एवं भंडारे में मुख्य रूप से सांसद भूपेन्द्रसिंह ठाकुर उपस्थित होंगे।
विवेकानंद सारस्वत वर्ष पर जन संपर्क
बीना। स्वामी विवेकानंद की 150 वीं जयंती सारस्वत वर्ष के रूप में मनाई जा रही है। जिसमें स्वामी विवेकानंद से संबंधित साहित्य, उनके संदेश एवं महत्वपूर्ण राष्ट्रभक्ति की पत्र-पत्रिकाएं लेकर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ एवं संबंधित संस्थाएं घर-घर जाकर जन संपर्क कर रही हैं। जन संपर्क में जिला प्रचारक कृष्णकांत, जिला संयोजक राजेन्द्र उपाध्याय, तहसील संयोजक प्रदीप तिवारी, नगर संयोजक डॉ.बलवीर कैथोरिया सहित रमेश जडिया, भूपेन्द्र राय, भूपेन्द्रसिंह ठाकुर, आशीष पाण्डे, गौरव जैन, छोटू शर्मा आदि शामिल हो रहे हैं।
अजा आयोग अध्यक्ष 28 को सागर में बैठक लेगे
सागर। राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष नारायण प्रसाद कबीरपंथी 28 फरवरी को सागर में समीक्षा बैठक लेगे। अधीकृत जानकारी के अनुसार राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री कबीरपंथी 28 फरवरी को दोपहर 12 बजे से स्थानीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न शासकीय विभाग के अधिकारियों की बैठक में शासन द्वारा मांग संख्या 64, मांग संख्या 53 एवं मांग संख्या 15 में वर्ष 2011-12 एवं 2012-13 (माह जनवरी 13 तक) प्राप्त आवंटन, व्यय, भौतिक लक्ष्य एवं उपलब्धि तथा अनुसूचित जाति के लाभांवित हितग्राहियों की जानकारी संबंधी प्रगति की समीक्षा करेंगे। श्री कबीरपंथी 28 फरवरी को प्रात: 8 बजे सागर से भोपाल के लिए प्रस्थान करेगें।
12 साल से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार
खुरई। पिछले बारह सालों से चोरी के मामलों में फरार एक स्थायी वारंटी चोर को खिमलासा पुलिस ने गुरूवार के दिन गिरफ्तार कर लिया। यह चोर खुरई थाने में भी निगरानी बदमाशों की सूची में शामिल है। खिमलासा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि सन् 2000 से चोरी के मामलों का फरार आरोपी रामसिंह पिता हीरा लाल यादव निवासी ढेमना थाना खुरई को खिमलासा तालाब के पास से गिरफ्तार किया हैं। इस पर सन् 2000 में चोरी का मामला दर्ज हुआ था जो इसने नरयावली थाना क्षेत्र में की थी। यह आरोपी खुरई थाने में भी कई मामलों के कारण निगरानी बदमाशों की सूची में शामिल है।
बिलहरा में स्कूली बच्चो को उनके अधिकारों की जानकारी दी
सागर। स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के हित में सरकार द्वारा कराए गए कानूनों व अधिकारों से अवगत कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में जिले के ग्राम बिलहरा की शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में विधिक गत दिवस साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, रजिस्ट्रार जिला न्यायालय सागर रामजी गुप्ता के निर्देश पर बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला ग्राम बिलहरा सागर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूली बच्चों के संबंध में बनाए गए विभिन्न कानूनों एवं उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी द्वारा बच्चों को राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक नामक पुस्तक का वितरण किया गया । बच्चों को उनके उच्चवल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया गया एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न छात्रवृत्ति एवं युवा कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें