हमले के बाद सागर में भी रहा अलर्ट
सागर। हैदराबाद में हुए आतंकी हमले के चलते सागर में भी अलर्ट रहा। बम स्क्वार्ड एवं डॉग स्क्वार्ड दस्ते ने शहर के प्रमुख स्थानों की सर्चिंग की। दोपहर के समय बम निरोधक दस्ते ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं शहर के व्यस्ततम इलाकों में सर्चिंग की। वहीं शाम तक पुलिस को किसी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। गौरतलब है कि विगत रात्रि में हैदराबाद में एक के बाद एक तीन बम धमाके से पूरा देश सहम गया था। गृह मंत्री के आदेश के बाद राज्य पुलिस एवं अन्य एजेंसियां सतर्क हो गर्इं हैं।
शाहपुर ग्रामीण मंडल की बैठक आज
सागर। 23 फरवरी को शाहपुर ग्रामीण मंडल की बैठक शाहपुर बस स्टैंड स्थित भाजपा कार्यालय में समय दोपहर 12 बजे से आयोजित की जाएगी। अध्यक्षता भाजपा जिलाउपाध्यक्ष शैलेष केशरवानी करेंगे। बैठक में शाहपुर मंडल के समस्त पदाधिकारीगण एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से उपस्थित होने की अपील शाहपुर ग्रामीण मंडल के मंडल अध्यक्ष सतीश बजाज ने की।
सागर में कोच फैक्ट्री लगाने की मांग
सागर। रेल सेवा सुधार समिति के अध्यक्ष रवि सोनी ने रेल मंत्रालय से क्षेत्रीय पिछड़ेपन एवं बेरोजगारी को दूर करने के लिए आगामी रेल बजट में सागर में डबल डेकर रेलवे कोच फैक्ट्री, रेल पहिया निर्माण फैक्ट्री एवं ड्राइबर व गार्ड ट्रेनिंग सेंटर खोले जाने की मांग की है। मांग का समर्थन करने वालों में डॉ. मुरारी, निहालचंद जैन, विनोद मुंशी, रामेश्वर चौधरी, रामदास, नरेन्द्र सोनी, प्रदीप गुप्ता आदि शामिल हैं।
शबरी जयंती पर होंगे कार्यक्रम
सागर। वाल्मीकि प्रेम समाज द्वारा विश्व शांति एवं देश की अखंडता बनाए रखने के लिए शवरी जयंती के अवसर पर अखंड संगीतमय पाठ, हवन पूजन, कन्या पूजन, समाज सेवियों, प्रतिभाओं का सम्मान एवं एक शाम दिवगंतों के नाम संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उक्त जानकारी पवन वाल्मीकि एवं महामंत्री चन्द्रेश गौरीहार ने दी।
समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
सागर। भाजपा ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष अनिल कुमार खटीक ने सानौधा की समस्याओं को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि सानौधा क्षेत्र में विगत छह माह से जल सप्लाई बंद है। पानी की भीषण समस्या है। साथ ही पुरातत्व विभाग के किले की देखरेख नहीं की जा रही है। यहां आए दिन अवैध खुदाई की जा रही है। उन्होंने मांग की है कि यदि गांव मे चार ट्यूववेलों की व्यवस्था कर दी जाए तो पानी की समस्या को कम किया जा सकता है। ग्राम की आबादी करीब 12 हजार से अधिक है। फिर भी प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रशांत तिवारी, पवन रजक, अजय खटीक, भैयाराम पटेल, स्पनिल, राजाराम राय, प्रबंत तिवारी, नाजिम अली आदि शामिल हैं।
गुरु पूजा दिवस आज
सागर। शनिवार को निरंकारी बाबा श्री हरदेव सिंह महाराज का जन्मदिन बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। संत निरंकारी सतसंग भवन शास्त्री वार्ड में सुबह 7 बजे से 9 बजे तक स्वच्छता अभियान के तहत साफ सफाई एवं वृक्षारोपण होगा। सागर नगर संयोजक श्री नारायणदास निरंकारी ने सभी धर्म प्रेमी बंधुओं से सतसंग में उपस्थित होने की अपील की है।
बीमार को अस्पताल पहुंचाया
सागर। जीआरपी थाना पुलिस ने विगत रात्रि में लावारिस पड़े एक व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। रेलवे पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 65 वर्षीय वृद्ध प्लेटफार्म के बाहर लावारिस हालत में पड़ा था। पुलिस को सूचना मिलने पर उसे अस्पताल के लिए भेजा गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
भाजपा गौर मंडल की बैठक आज
सागर। भाजपा प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पूरे प्रदेश में एक साथ चलाए जा रहे महाजनसंपर्क अभियान के तहत डॉ. हरीसिंह गौर मंडल की बैठक तहसीली स्थित जिला पंचायत अध्यक्ष निवास पर दोपहर 3.30 बजे आयोजित की जाएगी। गौर मंडल महाजनसंपर्क अभियान के प्रभारी राजेश सैनी ने इस अभियान के लिए मंडल के सभी सैक्टर प्रभारी, वार्ड प्रभारी, वार्ड संयोजक एवं भाजपा कार्यकर्ताओं से बैठक में शामिल होने की अपील की है।
ट्रक ने आटो चालक को रौंदा
सागर। विगत रात्रि में पद्माकर क्षेत्र के अंतर्गत एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे आटो को रौंद दिया। जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य घायल। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कछियाना मोहाल निवासी देवेन्द्र राठौर उम्र 35 वर्ष सड़क से गुजर रहा था कि तभी सामने से आ रहे लाल रंग के ट्रक ने सामने से उन्हें टक्कर मार दी। आटो में देवेन्द्र का एक साथी राजकुमार भी बैठा था। इस हादसे में आटो चालक देवेन्द्र राठौर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजकुमार अहिरवार उम्र 30 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला चिकित्सालय में इलाज के लिए भेजा गया। ट्रक चालक फरार है। इस हादसे में आटो बुरी तरह चकनाचूर हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
नगर भाजपा मण्डल की बैठक आज
सागर। भाजपा नगर मण्डल की जनसंपर्क अभियान की शुरूआत एवं संत रविदास जयंती के आयोजन हेतु एक आवश्यक बैठक दिनांक 23 फरवरी दिन को दोपहर 1.30 से साहू समाज धर्मशाला बड़ा बाजार में नगर अध्यक्ष रामकुमार साहू की अध्यक्षता एवं नगर विधायक तथा प्रभारी शैलेन्द्र जैन तथा जनसंपर्क अभियान प्रभारी जगन्नाथ गुरैया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी देते हुए नगर महामंत्री विक्रम सोनी ने कहा कि बैठक में सागर नगर मण्डल के समस्त पदाधिकारी जनसंपर्क यात्रा के लिए नियुक्त समस्त सेक्टर प्रभारी, वार्ड प्रभारी, वार्ड अध्यक्ष, समस्त पार्षद, एल्डरमेन एवं मण्डल में निवासरत समस्त जिला इकाई के पदाधिकारी आमंत्रित है।
मंत्री स्वेच्छानुदान से सहायता राशि स्वीकृत
सागर। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय मंत्री गोपाल भार्गव ने जिले में दो व्यक्तियों के उपचार हेतु अपने स्वेच्छानुदान मद से 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। अधीकृत जानकारी के अनुसार गांधीवार्ड गढ़ाकोटा निवासी अविनाश जैन उपचार हेतु 15 हजार रुपए तथा कमला नेहरू वार्ड गढाकोटा निवासी कमल प्रजापति को उपचार हेतु 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि मंत्री स्वेच्छानुदान मद से स्वीकृत की गई है।
BDA की बैठक आज
सागर। प्रदेश सरकार द्वारा गठित बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण की आगामी बैठक आज 23 फरवरी को सागर में आयोजित की गई है। स्थानीय कमिश्नर कार्यालय सभाकक्ष में आज 23 फरवरी को अपरान्ह 3.30 बजे से उमेश शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में प्राधिकरण के सीईओ एवं उपायुक्त विकास राजेश राय ने सर्वसंबंधितों से समय पर उपस्थित होने की अपील की है।
मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना में सहायता राशि स्वीकृत
सागर। जिले में कृषि कार्य करते समय एक व्यक्ति का हाथ कट जाने के कारण कलेक्टर योगेन्द्र शर्मा ने प्रभावित व्यक्ति को मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना के तहत 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। अधीकृत जानकारी के अनुसार जिले की रहली तहसील अंतर्गत ग्राम खैराना निवासी सत्यपाल नामदेव का कृषि कार्य करते हुए फसल की थ्रेसिंग करते समय बायां हाथ कट जाने से स्थायी अपंगता होने कारण प्रभावित को 25 हजार रुपए की राशि मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना में स्वीकृत हुई है । उक्त राशि का भुगतान प्रबंध संचालक मप्र राज्य कृषि विपणन बोर्ड से प्राप्त होने पर प्रभावित व्यक्ति को भुगतान किया जाएगा।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें