सागर। शाहगढ़ थाना पुलिस ने क्षेत्र में सूने घरों में घात लगाकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। साथ ही सोने चांदी के जेवरात सहित करीब डेढ़ लाख का माल जब्त कियाहै। पुलिस ने तीन बदमाशों को पकड़ा है। बाकी फरार हैं। यह गिरोह क्षेत्र में लंबे समय से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
रविवार को पुलिस अधीक्षक अभय सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि विगत 2011-12 वर्ष के जून, जुलाई माह में शाहगढ़ क्षेत्र में चोरों द्वारा कई घरों के ताले तोड़े गए थे जहां से लाखों रुपए के सोने चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी चली गई थी। जिसके तहत अनुविभागीय अधिकारी बंडा अभिषेक दीवान के निर्देश पर इन चोरियों की जांच करने के लिए टीम बनाई गई थी। साथ ही क्षेत्र के मुखबिरों को सजग किया गया था। मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सेवार थाना बमनोरा निवासी हरीशंकर शुक्ला द्वारा स्थानीय सर्राफा बाजार में सोने चांदी के जेवरात कम कीमत पर बेचे गए हैं। पुलिस ने हरीशंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। इसी दौरान उसने बताया कि वह अपने दो अन्य साथी शिवकुमार नामदेव महोवा, छोटे सोनी नई बस्ती मऊरानीपुर के साथ करीब डेढ़ साल से अभी तक मिलकर सोने चांदी के जेवरातों चुराते आ रहे हैं। इनके गिरोह में शिवकुमार नामदेव, अशोक सोनी आदि भी शामिल हैं।
आदतन अपराधी है आरोपी
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी क्षेत्र में घूमकर पहले सूने मकानों की रैकी करते थे। रात के समय सूने मकानों के ताला तोड़कर नगदी व जेवरात चुरा ले जाते थे और मऊरानीपुर में अशोक सोनी को बेच देते थे। इनमें से छोटे सोनी के विरूद्ध मऊरानीपुर में मामले दर्ज हैं। आरोपी शिवकुमार पूर्व में स्कूटर चोरी प्रकरण में छतरपुर जेल में बंद रहा था साथ ही हरीशंकर शुक्ला के विरूद्ध थाना बमनोरा में प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। ताकि अन्य प्रकरणों का खुलासा किया जा सके।
लाखों का माल बरामद
पकड़े गए चोरों के पास से पुलिस ने तीन मोबाइल सेट, कई जोड़ी चांदी की बिछियां, सोने की चूड़ियां, सोने की झूमकियां, चांदी की करधोनी, एक दर्जन से भी अधिक चांदी के पायल, दो दर्जन से अधिक चांदी के सिक्के, चांदी के बांके, सोने चांदी के माल सहित लाखों का माल जब्त किया है।
पुरस्कृत किया जाएगा
एसपी अभय सिंह ने बताया कि चोरी का खुलासा करने में शाहगढ़ थाना प्रभारी विजय सिसोदिया, भूपेन्द्र, बृजकेतू, वीरेन्द्र, हाकिम, ब्रजेश ने महत्वपूर्ण भमिका निभाई है। इन अधिकारी कर्मचारियों को चोरियों का खुलासा करने पर पुरस्कृत किया जाएगा।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें