रविवार, 24 फ़रवरी 2013

मिलकर जीतना है विधानसभा और लोकसभा चुनाव का मैच

बीना। सर्वोदय भवन में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त नगर एवं ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा एवं शिवकुमार ठाकुर ने प्रथम बैठक का आयोजन किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता लक्ष्मणसिंह ठाकुर उपस्थित थे। इस अवसर पर अपने प्रथम उद्बोधन में नगर मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाऊंगा।

मुख्य अतिथि के रूप में शामिल लक्ष्मणसिंह ने 25 फरवरी संत रविदास जयंती से भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान के शुभारंभ में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की अपील की। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष महेश राय ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि अभी हमें विधानसभा चुनाव का सेमीफाईनल और लोकसभा चुनाव का फाईनल मैच खेलना है और जीतना है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष गौरव सीरोठिया ने युवाओं से महाजनसंपर्क अभियान में आगे आकर भाग लेने की बात कही।


विधायक नहीं हुई शामिल


भाजपा नगर एवं ग्रामीण मंडल की बैठक में जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए महाजनसंपर्क अभियान की रणनीति संबंधी रूपरेखा तैयार होना थी ऐसी महत्वपूर्ण बैठक में स्थानीय विधायक डॉ. श्रीमती विनोद पंथी एवं उनके समर्थक माने जाने वाले संतोष ठाकुर एवं पूर्व अध्यक्ष रतन यादव नहीं पहुंचे। इस संबंध में नगर मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा ने प्रदेश टुडे को बताया कि विधायक को दो दिन पूर्व बैठक की सूचना दी गई थी साथ ही आमंत्रण पत्र भी भेजा गया था वह क्यों नहीं आईं यह तो वे ही बता सकती हैं। विधायक के मोबाईल पर एवं घर पर जाकर भी उनसे संपर्क नहीं हो पाया।


सेक्टर प्रभारी नियुक्त


भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष शिवकुमार ठाकुर ने ग्रामों को 7 सेक्टरों में बांटने के बाद उनके प्रभारियों की घोषणा की वहीं नगर मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा ने भी शहर को 6 सेक्टरों में बांटकर उनके प्रभारियों की जानकारी बैठक में दी। कार्यक्रम का संचालन भूपेन्द्रसिंह ठाकुर ने किया। सभी पदाधिकारियों का स्वागत नगर मंडल महामंत्री सुधीर टडैया बाटू एवं ग्रामीण महामंत्री घनश्याम साहू द्वारा किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नेता उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...