सागर। सानौधा थाना पुलिस को क्षेत्र के जंगलों में एक नाबालिग का क्षतविक्षत शव मिला है। पुलिस ने तिली अस्पताल लेजाकर पीएम करवाया। जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। किशोर पिछले एक माह से घर से गायब था। गढ़ाकोटा थाना पुलिस में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ़ाकोटा के चनौआ ग्राम के निवासी मोहनलाल कुर्मी का 16 वर्षीय पुत्र राममिलन कुर्मी 27 जनवरी को घर से गायब था। परिजनों ने सोचा कि गांव वालों के साथ वो कुंभ मेले में चला गया है। जब मेले से लौटे ग्रामीणों ने बताया कि राममिलन उनके साथ नहीं गया था। तब उनके पिता मोहनलाल कुर्मी ने 15 फरवरी को गढ़ाकोटा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
काफी तलाश के बाद भी राममिलन नहीं मिला। बुधवार की दोपहर करीब 3.30 बजे सानौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत आपचंद की गुफाओं के रास्ते में पुलिस को राममिलन का शव पड़ा हुआ मिला। सानौधा पुलिस ने तत्काल तिली अस्पताल ले जाकर उसका पीएम करवाया और जानकारी एकत्रित की। जब पुलिस ने गढ़ाकोटा थाने से संपर्क किया तो पता चला कि युवक राममिलन गढ़ाकोटा के चनौआ गांव निवासी था। शव मिलने से किशोर की हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिया के नीचे बेहोश मिले युवक की मृत्यु
बीना। बीते मंगलवार की रात से गायब प्रताप वार्ड निवासी बालकिशन उम्र 30 वर्ष की गुमसुदगी की रिर्पोट उसके परिजनों द्वारा बीना थाने में दी गई थी। बुधवार को सुबह उक्त युवक बेहोशी की स्थिति में आगासौद रोड पर बीन पुलिया के नीचे पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे उक्त युवक से कुछ दूरी पर उसकी साईकिल भी पड़ी थी। युवक के पिता ग्यारसी पटेल ने पुलिस को सूचना दी एवं युवक को शासकीय चिकित्सालय ले गए जहां से उसे सागर जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया गया। पुलिस से प्रात जानकारी के अनुसार युवक बालकिशन के सिर के पीछे गंभीर चोटें थी। जिला अस्पताल में सुबह करीब 10.30 बजे उसने दम तोड़ दिया। युवक को चोटों के निशान कैसे आए यह अज्ञात है। पूरा मामला संदिग्ध बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें