सागर। लोकसभा के बजट सत्र में राष्टपति के अभिभाषण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सांसद भूपेन्द्र सिंह ने कहा है कि यह महज चुनावी अभिभाषण है जिसमें केन्द्र की यूपीए सरकार ने अपनी असफलताओं को छिपाने और जनता का ध्यान बटाँने का प्रयास किया है। यूपीए सरकार के पिछले नौ सालों के कामकाज से जनता त्रस्त है। जिसके लिए अब चुनावी साल में नई योजनाओं के सब्जबाग दिखाए जा रहे हैं।
सांसद भूपेन्द्र सिंह ने कहा है कि अभिभाषण में सरकार ने माना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में विकास की गति धीमी रही है। जबकि पिछले नौ सालों से केन्द्र में यूपीए की वह सरकार है, जिसमें प्रधानमंत्री स्वयं अर्थशास्त्री हैं। अभिभाषण में यह कहना गले से नहीं उतरता कि पिछले दशक की तुलना में गरीबी में तेजी से कमी हुई है। क्योंकि सरकार का गरीबी मापने का पैमाना ही विवादास्पद है।
सांसद श्री सिंह ने कहा है कि देश में पेट्रोल,डीजल, रसोई गैस, यूरिया और रेल किराए में वृद्धि से मंहगाई चरम पर है। केन्द्र में यूपीए सरकार के कार्यकाल में आए दिन भ्रष्टाचार के अचंभित कर देने वाले मामले सामने आ रहे हैं। देश में बुनियादी ढ़ाँचे की कमी से आम नागरिक परेशान हैं। केन्द्र में यूपीए सरकार की गलत नीतियों के कारण समस्याएँ विकट रूप ले रही हैं और आम जनता बुरी तरह से त्रस्त है। देश में कहीं भी हालात ठीक नहीं हैं। राष्ट्रपति के अभिभाषण में जनता को समस्याओं से राहत दिलाने की कोई स्पष्ट कार्य योजना नहीं है।
सांसद श्री सिंह ने कहा है कि अभिभाषण में युवाओं को रोजगार देने और उनके भविष्य के लिए कोई कार्य योजना नहीं हैं और न ही गरीब किसानों का भविष्य संवारने के लिए कोई रणनीति है। जनता को समस्याओं से निजात दिला पाने में पिछले नौ सालों से नाकाम रही यूपीए सरकार अपने बाकी बचे छ:-आठ महीने में सब कुछ संवारने की बातें इस अभिभाषण में कर रही है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें