खुरई। मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार शिक्षा विभाग द्वारा संचालित जिले का एकमात्र आवासीय विद्यालय जवाहर नवोदय विद्यालय खुरई पिछले कुछ समय से लड़ाई झगड़ों को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। लगभग तीन माह पूर्व ही विद्यालय के ही दो कर्मचारियों का विवाद अभी सुलझ भी नहीं पाया कि छात्रों में लड़ाई का एक बड़ा मामला सामने आ गया।
क्या है मामला
बुधवार के दिन नवोदय विद्यालय में कक्षा आठवीं एवं दसवीं के छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए जिनमें तीन को चोटे आई। छात्रों ने बताया कि कक्षा 8 वीं के छात्र कक्षा की ही छात्राओं के साथ छेड़खानी कर रहे थे इस बात को लेकर कक्षा दसवीं के कुछ छात्रों ने बीच बचाव किया जिसमें आठवीं के छात्रों ने विवाद कर दिया। इस बात को लेकर शाला के ही प्राचार्य सहित दो अन्य शिक्षकों ने कक्षा दसवीं के शुभम पिता माधव राय के साथ जमकर मारपीट की। पिटाई के कारण वह विद्यालय से बाहर भाग गया। गेट से बाहर जाने पर अनुशासन के उल्लंघन को लेकर दुबारा मारपीट की और दोपहर 1.30 से लेकर सायं 6.30 तक धूप में खड़ा रखा। शुभम के पिता ने बताया कि उन्हें सूचना मिलते ही शाला पहुंचे तब भी वह मैदान में ही खड़ा था। बच्चे के शरीर पर चोटों के कई निशान हैं। गुरूवार को दूरभाष पर संपर्क कर बताया कि उन्होनें अस्पताल में उसका इलाज कराया है। बच्चे की कोई गलती नहीं है। ऐसा शाला के ही कई छात्र बता रहे थे, लेकिन उनकी बात नहीं सुनने दी। मैं इसकी कार्यवाही आगे करूंगा।
विवाद को लेकर दोनों कक्षाओं के 12 छात्रों को एक सप्ताह के अवकाश पर उनके घर भेज दिया गया है। वह भी ऐसे समय में जब परीक्षाएं सिर पर हैं।
इनका कहना है
विद्यालय में 650 विद्यार्थी हैं आवासीय विद्यालयों में आए दिन इस तरह के छात्रों में विवाद होते रहते हैं, यह आम बात है। शिक्षकों द्वारा मारपीट की बात गलत है। थोड़ी बहुत मारपीट तो की है। लड़कियों से छेड़खानी की बात गलत है।
आरजी तिवारी प्राचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय खुरई



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें