मंगलवार, 5 मार्च 2013

लाडो अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन हो

सागर। कलेक्टर योगेन्द्र शर्मा सप्ताह के प्रति सोमवार सभी विभागों के अधिकारियों की नियमित बैठक लेकर समय सीमा निर्धारित पत्रों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा करते है। साथ ही शासन की प्राथमिकता के विषयों संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश देते है। इसी क्रम में आज संपन्न टीएल बैठक में कलेक्टर ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

स्थानीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को संपन्न बैठक में कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को हिदायत दी कि शासन के लाडो अभियान की कार्ययोजना अविलम्ब बनाए । इस योजना में किसी भी कन्या का बाल विवाह ना हो इस पर पूरी निगरानी रखी जाए। जिले में सर्वप्रथम ऐसे संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर लें और वहां जागरूकता के लिए गोष्ठी, नुक्कड नाटक और समझाइश परामर्श दें । इसके साथ ही आगामी अक्षय तृतीया के दिन जब बहुतायत में विवाह होते है उस दिन संबंधित क्षेत्र के एसडीएम के निर्देशन में सभी संबंधित विभाग के कर्मचारियों अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर बाल विवाह रोके जाने का कार्य पूरी सख्ती से किया जाए।

कलेक्टर ने आरईएस विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि जिले में लोक सेवा गारन्टी केन्द्र भवनों में आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराया जाए। आपने समस्त एसडीएम और जनपद सीईओ एवं सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को ताकीद किया कि वे वृद्ध माता-पिता को सहारा नहीं देने वाली संतानों के विरूद्ध भरण पोषण अधिनियम के तहत कारगर कार्रवाई करें। कलेक्टर ने ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल संकट से निपटने के संबंध में समस्त नगरीय निकायों, जनपदों और पीएचई विभाग को कार्ययोजना बनाकर तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए । उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिले के समस्त विकासखंड मुख्यालय में चिकित्सा शिविर आयोजित कराने के निर्देश दिए ।

कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को ताकीद किया कि उनके विभाग अंतर्गत जितनी भी हितग्राहीमूलक योजनाएं हैं उनमें एक भी पात्र हितग्राही लाभ लेने से वंचित नहीं रहे । इस हेतु सभी लम्बित आवेदनों पर कार्यवाही करते हुए 31 मार्च तक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ मनोज खत्री ने बताया कि विगत तीन वर्षो में जिले से बीपीएल सूची में शामिल 10580 अपात्र लोगों के नाम काटे गए है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...