शुक्रवार, 8 मार्च 2013

तुलसी फिर चढ़ा टावर पर

सागर। तीन माह पहले एक्सीडेंट क्लेम न मिलने के कारण रजाखेड़ी निवासी तुलसी पटेल टावर पर चढ़ गया था और टॉवर से कूंदकर आत्महत्या की कोशिश की थी। वरिष्ठ अधिकारियों की समझाइश के बाद वह नीचे आ गया और उसे क्लेम भी दिलवा दिया गया।

शुक्रवार को एक बार फिर उसी तेवर जोश के साथ तुलसी टॉवर चढ़ गया और क्लेम की राशि को बढ़ाकर मांगने लगा। सुबह से लेकर शाम तक वह टॉवर पर ही चढ़ा रहा। नीचे पुलिस के अधिकारी और स्थानीय लोग उसे समझाने का प्रयास करते रहे।

जानकारी के अनुसार तुलसी पटेल का पिछले साल एक ट्रेक्टर से एक्सीडेंट हो गया था कोर्ट से उसे 25 हजार का क्लेम दिया गया था। लेकिन जब अनावेदक ने क्लेम नहीं दिया तो तीन माह पहले वह टावर पर चढ़ गया था। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की समझाइश के बाद उसे 25 हजार का क्लेम दिलवाया गया था। शुक्रवार को एक बार फिर वह पडौस में बने बीएसएनएल के टावर चढ़ गया और पुन: उसी अंदाज में क्लेम की राशि को बढ़ाकर 25 लाख देने की मांग करने लगा। 

देखते ही देखते आसपास के लोग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे फिर से उसे समझाया गया लेकिन वह नहीं माना। सुबह करीब 9 बजे से चिलचिलाती धूप में टावर पर ही चढ़ा रहा। खबर लिखे जाने तक वह टावर पर ही था और पुलिस के अधिकारी नीचे से समझा रहे थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...